एलडीए का अवैध निर्माण एवं प्लाटिंग पर अभियान जारी, काकोरी व पारा थानाक्षेत्र में 3 स्थानों पर की गयी अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही

WhatsApp Group (Join Now) Join Now
Telegram Group (Join Now) Join Now

Lucknow Samachar 19 अप्रैल 2023: एलडीए का अवैध निर्माण एवं प्लाटिंग पर अभियान चल रहा है। अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही काकोरी व पारा थानाक्षेत्र में 3 स्थानों पर की गयी। यह अभियान वीसी इंद्रमणि त्रिपाठी के आदेश के बाद चलाया गया।

जोन-3 के जोनल अधिकारी अरूण कुमार सिंह के अनुसार ,पारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम-मौदा में संजय फर्नीचर के सामने लगभग 12 बीघा जमीन पर बचान सिंह यादव व अन्य द्वारा अवैध तरीके से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था।

काकोरी थानाक्षेत्र में मौदा रोड पर सारंग प्रॉपर्टी नाम से करीब 10 बीघा जमीन पर इरशाद हुसैन द्वारा अवैध प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसके अतिरिक्त मौदा रोड पर लगभग 8 बीघा जमीन पर कमलेश कुमार द्वारा अवैध प्लाटिंग कराई जा रही थी।

तीनों जगहों पर की गयी ध्वस्तीकरण की कार्यवाही

तीनो जगहों पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही अवर अभियंता भरत पाण्डेय एवं पुलिस बल की सहायता से की गयी। सहायक अभियंता ने बताया कि, विकासकर्ता की तरफ से तीनों स्थानों पर बनाए गए कच्ची-पक्की सड़क, नाली व बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही  निकटवर्ती स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग को भी तोड़ा गया।

जन सामान्य को सचेत करने हेतु अवैध स्थानों पर प्राधिकरण लगाएगा बोर्ड

वीसी डॉक्टर इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि, जो भी अवैध प्लाटिंग चिह्नित की जा रही हैं। उनको ध्वस्त करने के साथ ही जन सामान्य को सचेत करने के लिए उन स्थानों पर एलडीए द्वारा बोर्ड भी लगाए जाएंगे। जिसमे लिखा होगा कि, प्लाटिंग का कार्य अनियोजित रूप से विकास कार्य करते हुए अवैधानिक तरीके से किया गया है, इसमें भूखण्ड की खरीद फरोख्त न करें।