Lucknow Agro Mall: लखनऊ में 100 करोड़ रूपये की कीमत से बनने जा रहा एग्रो मॉल।

WhatsApp Group (Join Now) Join Now
Telegram Group (Join Now) Join Now

लखनऊ 14 दिसम्बर 2022: लखनऊ में एक ‘एग्रो मॉल’ बनेगा। लगभग 100 करोड़ रुपये की कीमत से बनने वाले इस मॉल में लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के कृषि उत्पाद मिलेंगे। इसमें एक भाग ऑर्गेनिक और प्राकृतिक कृषि उत्पादों के लिए आरक्षित होगा। मंडी परिषद ने चिनहट में इसके लिए जगह चुन ली है। इस सम्बन्ध में प्रस्ताव और डिजाइन भी बन गया है। शीघ्र ही बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में इस प्रस्ताव पर फैसला लिया जाएगा।

प्रदेश सरकार निरंतर कृषि और खाद्य प्रसंस्करण को आगे बढ़ाने हेतु कार्य कर रही है। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश में एक बड़े भाग में प्राकृतिक खेती के लिए सरकार ने पांच  वर्ष की कार्य योजना बनायी है। इसमें क्लस्टर बनाकर खेती को बढ़ावा देने के लिए अनुदान भी उपलब्ध कराया जा रहा है। एवं कृषि उत्पादक संगठनों को भी सरकार अनुदान उपलब्ध करा रही है। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन मिलेगा तो उसके लिए बाजार की भी आवश्यकता होगी। स्वयं मुख्यमंत्री मंचों से किसानों से प्राकृतिक खेती का आह्वान करने के साथ ही यह वादा भी कर चुके हैं कि सरकार बाजार उपलब्ध करवाएगी। इस सम्बन्ध में प्रत्येक मंडी में प्राकृतिक उत्पादों के लिए एक अतिरिक्त स्थान देने का वादा भी वह कर चुके हैं।

कैंटीन, फूड जोन और पार्किंग भी

मंडी परिषद निरंतर कृषि उत्पादों को प्रोत्साहन देने  हेतु कार्य  कर रहा है। जल्द ही मंडल स्तर पर प्रत्येक मंडी में प्राकृतिक उत्पादों हेतु चबूतरे उपलब्ध करवाने का फैसला किया जा चुका है। अब लखनऊ में एग्रो मॉल बनाने की तैयारी की जा रही है। चिनहट तिराहे के निकट मंडी परिषद की 7000 वर्ग फुट का प्लाट है। यहीं पर लगभग 100 करोड़ रुपये की कीमत से मॉल बनाया जाएगा। इसमें एग्रो प्रॉडक्ट की बिक्री के अतिरिक्त एक अलग से फूड जोन और कैंटीन भी उपलब्ध होगी। वहीं, 2 लेवल की एक पार्किंग बनाई जाएगी। इसी परिसर में एक ऑफिस की जगह होगी। मंडी परिषद इस मॉल को बनवाएगा। उसके बाद पीपीपी मोड में इसको संचालित किया जाएगा।