इंस्पायर अवार्ड योजना में लखनऊ मंडल से चुने गये सबसे ज्यादा 174 बाल वैज्ञानिक।

WhatsApp Group (Join Now) Join Now
Telegram Group (Join Now) Join Now

लखनऊ 9 जनवरी 2023: भारत सरकार की इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना 2022-23 का रिजल्ट रविवार को निकाला गया। इसमें पूरे प्रदेश से 901 प्रविष्टियों को चुना गया है। लखनऊ मंडल के 6 जनपदों से सबसे ज्यादा 174 बाल वैज्ञानिकों के मॉडल चयनित हुए हैं।

मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी लखनऊ मंडल डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि, इस साल इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना 2022-23 में लखनऊ जिले से सबसे ज्यादा 104, हरदोई से 32, सीतापुर से 18, उन्नाव से 10, लखीमपुर खीरी से 7 एवं रायबरेली से 3 बाल वैज्ञानिकों को चुना गया है। उन्होंने कहा कि, समस्त चुने गये बाल वैज्ञानिकों को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) की तरफ से 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। यह धनराशि छात्र के बैंक खाते में सीधे भेजी जाएगी।

समस्त चुने गये बाल वैज्ञानिकों के शिक्षकों व विधालयों को बच्चों के बैंक अकाउंट का विवरण चेक करने का निर्देश दिया गया है। इसके पश्चात उनसे मॉडल पर काम कराया जाएगा। समस्त बाल वैज्ञानिकों को मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार, संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मण्डल सुरेन्द्र तिवारी,डीआईओएस राकेश पांडेय के साथ डीआईओएस द्वितीय दिनेश सिंह राठौर ने शुभकामनाएं दी है।