हवलदार बनेंगे 21 हजार से अधिक सिपाही, प्रोन्नति की कार्यवाही पूर्ण।

WhatsApp Group (Join Now) Join Now
Telegram Group (Join Now) Join Now

लखनऊ 14 दिसम्बर 2022: पुलिस विभाग में 21295 सिपाहियों के प्रोन्नति की कार्यवाही पूर्ण हो गई है। उप्र. पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने डीजीपी मुख्यालय को लिस्ट उपलब्ध करा दी है। तरक्की हेतु दौड़ में 21777 सिपाही थे,परन्तु 21295 सिपाहियों की प्रोन्नति को स्वीकृति मिली है। अति शीघ्र डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान के अनुमोदन के पश्चात इनकी लिस्ट संबंधित जनपदों को उपलब्ध करा दी जाएगी।

पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष राज कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि, डीजीपी मुख्यालय से वर्ष 2011 तक भर्ती सिपाहियों के प्रोन्नत हेतु प्रस्ताव भेजे गए थे। भर्ती बोर्ड ने कुल 6 विभागीय प्रोन्नति समिति बनाई थी। इन समितियों ने प्रत्येक सिपाही की स्क्रीनिंग कर कुल 21295 को प्रोन्नति के लिए उचित पाया है।

भर्ती बोर्ड की तरफ से समस्त लिस्ट डीजीपी मुख्यालय को उपलब्ध करा दी गयी। डीजीपी मुख्यालय से  प्रोन्नत सिपाहियों की लिस्ट जनपदों के पुलिस अधीक्षक को उपलब्ध करायी जाएगी। पुलिस अधीक्षक यह तय करेंगे कि जिस सिपाही की प्रोन्नति हुई है वह वर्तमान समय में निलंबित तो नहीं है या किसी घटना में उसके विरुद्ध कोई मुकदमा दर्ज तो नहीं है?

यह सत्यापित होने के पश्चात जनपद के पुलिस अधीक्षक उसी जगह पर उक्त सिपाही को प्रोन्नत करके हवलदार  के पद पर प्रोन्नत कर देंगे। प्रोन्नत हुए पुलिस कर्मियों का स्थानांतरण बाद में किया जाएगा।